- दुकानदार बोले- सरकार हमारे लिए कुछ नहीं सोच रही, बिजली के बिल भी देने पड़ेंगे, उस पर भी पैनल्टी लेने के लिए कह रहे
- मॉल्स के मुख्य गेट और दुकानों के बाहर थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई
दैनिक भास्कर
Jun 08, 2020, 05:13 PM IST
जयपुर. सोमवार से देशभर में मॉल्स, होटल और रेस्टोरेंट खोल दिए गए। झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सरकार ने अभी मॉल्स खोलने को मंजूरी नहीं दी है। अन्य राज्यों में पहले दिन सभी जगह दुकानदार साफ सफाई करते हुए नजर आए। मॉल्स के मुख्य गेट के बाहर थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई। व्यापारियों और कर्मचारियों को भी प्रवेश देने से पहले स्क्रैनिंग की जा रही। साथ ही एक रजिस्टर मेंटेन किया जा रहा, जिसमें सभी के फोन नंबर लिखे जा रहे हैं। लखनऊ में अपनी मांगों को लेकर मॉल्स के दुकानदारों ने अपनी दुकानें नहीं खोली हैं।
पंजाब: होटल मालिकों को डर था, कर्मचारी चले गए तो वापस नहीं आएंगे
कोरोना के खौफ के बीच धार्मिक स्थल, होटल और मॉल्स खोल दिए गए हैं। होटल संचालकों ने इससे राहत की सांस ली है। कई होटलों के संचालक अपने कर्मचारियों को जैसे-तैसे रोके हुए थे। संचालकों को डर थे कि अगर कर्मचारी एक बार अपने गृह राज्य चले गए तो उनका वापस आना मुश्किल हो जाएगा। वहीं, मॉल्स में घुसने से पहले थर्मल स्कैनिंग को अनिवार्य किया गया है। इसके बाद कोवा ऐप के माध्यम से एंट्री दी जा रही है। जालंधर के एमबीडी मॉल के एंट्रेंस पर सोमवार को पीपीई किट पहने कर्मचारी तैनात किए गए। उन्होंने मॉल में आने वालों की थर्मल स्कैनिंग की।

दंतेवाड़ा का दंतेश्वरी मंदिर। खोलने के बाद फूलों की दुकान भी लगी, लेकिन कुछ लोग ही पहुंचे
छत्तीसगढ़ : मंदिरों में घंटी बजाना है तो घर से लानी होगी, मॉल-मल्टीप्लेक्स पर रहेगा ताला
रायपुर समेत प्रदेश में 80 दिन बाद, सोमवार से सारे धार्मिक स्थल खुल गए हैं। इससे पहले रविवार को ज्यादातर धार्मिक स्थलों की सफाई की गई। ज्यादा फोकस सैनिटाइजेशन पर रहा। कई धार्मिक स्थलों के बाहर सैनिटाइजर टनल लगाई गई हैं। मंदिरों में लोगों को घर में बना हुआ प्रसाद और घंटी लानी होगी। मस्जिदों में फर्श पर नमाज पढ़ेंगे। वजू के लिए हौज का इस्तेमाल नहीं होगा। चर्चों में प्रेयर के बाद लोगों के बाहर मिलने-जुलने में पाबंदी है। गुरुद्वारों में लंगर पार्सल दिया जाएगा। इसके साथ ही गार्डन व स्टेडियम भी खोल दिए गए हैं। हालांकि, वहां सिर्फ आउटडोर गतिविधियों की अनुमति दी गई है। वहीं स्वीमिंग पूल, जिम, ऑडिटोरियम, शॉपिग मॉल, मल्टीप्लेक्स व टॉकीज नहीं खुलेंगे।

भोपाल: पूजन के बाद खोला गया डीबी मॉल
लॉकडाउन के बाद सोमवार से भोपाल में होटल, रेस्त्रां और मॉल खुल गए। बाजारों में रौकन लौटने से शहर के सबसे प्रमुख डीबी मॉल में अधिकांश लोग जरूरत का सामान लेने पहुंचे, जबकि कुछ लोग घूमने के लिए भी आए। शहर के बीचोंबीच स्थित डीबी मॉल को सुबह विधिवत पूजन के साथ खोला गया। इसमें प्रवेश उन्हीं लोगों को दिया गया, जो प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए यहां पहुंचे। मॉल के प्रवेश द्वार के अलावा विभिन्न स्थानों पर सैनिटाइजर और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। शहर के अन्य मॉल भी इसी तरह से खोले गए हैं। हालाकि शहर के रेड जोन वाले क्षेत्रों में अभी भी काफी ऐहतियात बरती जा रही है।
राजस्थान: व्यापारी बोले, हमारे बारे में भी सोचे सरकार
राजस्थान में सोमवार से मॉल्स, होटल और रेस्टोरेंट खोल दिए गए। पहले दिन मॉल्स में दुकानदार और कर्मचारी साफ-सफाई करते नजर आए। यहां पर मॉल्स के मुख्य गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई। व्यापारियों और कर्मचारियों को भी प्रवेश देने से पहले स्क्रीनिंग की जा रही। साथ ही एक रजिस्टर मेंटेन किया जा रहा। इसमें सभी के फोन नंबर लिखे जा रहे हैं। इस दौरान जयपुर का पहला मॉल सरावगी मेंशन आज फिर से खुला। यहां सभी सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जा रहा है। दुकानदार पहले दिन दुकान सजाते नजर आए। इस दौरान कुछ महिलाएं भी शॉपिंग करने पहुंचीं। सरावगी मेंशन जयपुर में 1985 में खोला गया था।

यूपी: लखनऊ में मॉल खुले, दुकानें बंद
लखनऊ. ढाई महीने बाद उत्तर प्रदेश में रौनक लौटती नजर आ रही है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और राज्य सरकार से मिली अनुमति के बाद आज सुबह से ही सार्वजनिक स्थानों में चहल-पहल बढ़ गई है। बड़े-बड़े मॉल्स के ताले खुल गए हैं और दुकानों के शटर उठ गए हैं। लखनऊ के आदर्श व्यापर मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि राजधानी में सभी प्रमुख मॉल तो खुलेंगे, लेकिन उनके अन्दर स्थित दुकानें नहीं खुलेंगी। ऐसा इसलिए क्योंकि उनका फायदा कम और नुकसान ज्यादा है। दुकानदारों को स्क्वायर फीट के हिसाब से मेंटनेंस खर्च देना पड़ता है। सरकार जब तक इसे माफ़ नहीं करती, तब तक दुकानें नहीं खुलेगी।

चंडीगढ़: बच्चों, गर्भवतियों और बुजुर्गों को मॉल्स में नहीं मिलेगी एंट्री
ट्राई सिटी में मॉल्स आज से खुलने लगे हैं। नए नियमों के अनुसार 10 साल से छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाओं और 65 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्ग को मॉल्स में एंट्री नहीं मिलेगी। इसके अलावा जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्या है, उनसे भी मॉल में न आने के लिए कहा गय है। मॉल के अंदर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की जिम्मेदारी गार्ड्स की रहेगी।
महाराष्ट्र में बंद रहंगे मॉल, कमर्शियल स्पेस
महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई और राज्य में धार्मिक स्थल खोलने देने के बारे में अभी कोई फैसला नहीं किया है। लिहाजा देशभर में भले ही धार्मिक स्थल खोल दिए जाएं, लेकिन सोमवार से मुंबई और महाराष्ट्र में इनके ताले नहीं खुलेंगे। राज्य के कानून एवं न्याय विभाग के सचिव राजेंद्र भागवत के मुताबिक, ‘लोगों के लिए मंदिर, मस्जिद, गिरजाघर और अन्य धार्मिक स्थल खोलने पर अभी निर्णय लिया जाना बाकी है। इस तरह के स्थलों पर लोगों को एकत्र होने की अनुमति देने के बारे में अभी कोई फैसला नहीं किया गया है।’इसी के साथ राज्य में मॉल, सिनेमाघर, क्लब, बड़े कमर्शियल स्पेस भी अगले आदेश तक बंद रहेंगे।
झारखंड में 30 जून तक मॉल्स, होटल्स, रेस्टोरेंट्स, धार्मिक स्थल बंद रहेंगे
झारखंड में 30 जून तक शॉपिंग मॉल्स, होटल्स, रेस्टोरेंट्स, धार्मिक स्थल बंद रहेंगे। राज्य में कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या के देखते हुए झारखंड में कोई छूट नहीं दी गई है। राज्य में एक जून से मोबाइल से फर्नीचर तक की दुकानें खुली, लेकिन कपड़े-जूते की दुकानों को बंद रखने का आदेश है। राज्य में सैलून-स्पा, धर्मिक स्थल, सिनेमाहाल-मल्टीप्लेक्स को बंद रखने का आदेश है। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज व कोचिंग संस्थान भी बंद रखे गए हैं।

पटना: मंदिर-मस्जिद और मॉल्स खुले, लेकिन भीड़ नहीं लगी
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के चलते बंद हुए धर्मस्थल और मॉल बंद 75 दिन बाद सोमवार को खुले। पटना के पीएनएम मॉल में कोरोना को रोकने के लिए तमाम सावधानी तो दिखी, लेकिन पहले की तरह ग्राहक न दिखे। गेट से लेकर दुकान तक मॉल के कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहे। पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में भी भक्त भगवान के दर्शन करने पहुंचे। लेकिन, कोरोना संकट की वजह से भक्तों की पहले जैसी भीड़ नहीं दिखी। जामा मस्जिद में भी लोग नमाज अता करने पहुंचे। मस्जिद के बाहर हैंड सैनिटाइज करने के लिए सैनिटाइज की व्यवस्था की गई थी।
Discussion about this post